Delhi ITO Fire Case: दिल्ली में आज 19 मार्च गुरुवार को ITO स्थित एक बिल्डिंग में आग लग गई। इस घटना से इलाके में अफरा तफरी का माहौल हो गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर किया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आज सुबह आईटीओ स्थित ट्रेड एंड टैक्स बिल्डिंग की 12वीं मंजिल पर आग लग गई। फायर डिपार्टमेंट को सुबह करीब 8 बजकर 26 मिनट पर आग लगने के बारे में पता लगा। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर करीब छह फायर टेंडर भेजे गए, जिसके बाद आग पर तुरंत काबू पा लिया गया है।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल दमकल विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग पर समय रहते काबू पा लिया, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
पालम अग्निकांड में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
बता दें कि दिल्ली के पालम में भी बीते दिन 18 मार्च को एक बिल्डिंग में आग लग गई थी। इस अग्निकांड में एक ही परिवार के 9 लोगों को जिंदा जलकर मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर के रख दिया है। वहीं दिल्ली सरकार ने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये और बच्चों के लिए 5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को 2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पालम अग्निकांड की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं, ताकि आग लगने का कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा है कि इस दुख की घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।










