Delhi Government: सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य की दिशा में फैसला लेते हुए कहा गया है कि विधवा महिलाओं और दिव्यांग पेंशनधारकों को अब प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल किया जाएगा।

Delhi Government: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता सरकार ने स्वास्थ्य की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार से पेंशन लेने वाली विधवा महिलाओं और दिव्यांग पेंशनधारकों को अब प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से लाभार्थी के अलावा उनके परिवार को भी लाभ मिलेगा।   
जानकारी के मुताबिक बीते दिन 24 फरवरी को दिल्ली सचिवालय में सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। बैठक के दौरान सीएम ने बताया कि विधवा पेंशन की करीब 3 लाख, 96 हजार, 615 महिलाओं और दिव्यांग पेंशन के करीब 1 लाख, 31 हजार, 515 लाभार्थियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का साफ संकल्प है कि दिल्ली का कोई भी गरीब, कमजोर या जरूरतमंद नागरिक इलाज से पिछड़े नहीं।  

इस फैसले से लाखों परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि जो पहले से योजना का लाभ ले रहे अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और प्राथमिकता (PRS) श्रेणी के परिवारों, 70 साल से ज्यादा के सीनियर लोगों, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अलावा होंगे। इससे दिल्ली के स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ जाएगा। सीएम ने यह भी कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के विजन को साकार करने की दिशा में उठाया है। 

स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा- सीएम रेखा गुप्ता

सीएम रेखा गुप्ता के मुताबिक, आयुष्मान भारत के तहत अब तक दिल्ली में 7 लाख, 23 हजार, 707 आयुष्मान कार्ड जारी हो चुके हैं, जिनमें 2 लाख, 74 हजार, 620 कार्ड वरिष्ठ नागरिकों को दिए गए हैं। योजना को प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से 208 अस्पतालों का नेटवर्क लिस्टेड किया गया है, जिनमें 156 निजी और 53 सरकारी अस्पताल शामिल किए गए हैं। वहीं राज्य स्वास्थ्य एजेंसी की सहायता से अब तक 29120 से ज्यादा लाभार्थी योजना के तहत इलाज करवा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल  प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद परिवार के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा संकल्प है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।