Delhi Government: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता सरकार यमुना नदी के निरीक्षण और जांच के लिए 2 VIP नाव खरीदेगी। इसे लेकर सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग यानी I&FC की ओर से करीब 6.2 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया जाएगा। बताया जा रहा है कि हर नाव की कीमत करीब 3.10 करोड़ रुपये होगी। संभावना जताई जा रही है कि टेंडर प्रक्रिया को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। लेकिन सप्लायर तय हो जाने के बाद नावों की खरीद में करीब 5 महीने का समय लग सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यमुना सफाई अभियान के तहत नदी का निरीक्षण करने के लिए VIP और सीनियर अधिकारियों को इन नावों का इस्तेमाल करना पड़ेगा। इन नावों के माध्यम से यमुना की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया जा सकेगा, वहीं सफाई के कामों की निगरानी की जा सकेगी। यह नावें आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी।
नाव में क्या-क्या खूबियां होंगी ?
- बोट्स की लंबाई करीब 13 मीटर और चौड़ाई 4.3 मीटर होगी।
- इनमें दो ओबीएम इंजन भी लगे होंगे, जो 300 हॉर्स पावर के होंगे।
- बोट की सीटिंग कपैसिटी 16 से 20 लोगों की होगी।
- दोनों बोट में केबिन के चारों तरफ पारदर्शी फाइबर ग्लास लगे होंगे।
- पीने के पानी के लिए 400 लीटर का एक वॉटर टैंक भी होगा।
- जनरेटर सेट टैंक की क्षमता 200 लीटर की होगी।
यमुना की सफाई सरकार की प्राथमिकता
यमुना को दिल्ली की प्रदूषित नदियों में से एक माना जाती है। ऐसे में यमुना की सफाई सरकारी प्राथमिकताओं में शामिल है। यहां पर समय-समय पर एलजी, सीएम, केंद्र सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी और विदेशी मेहमान निरीक्षण के लिए आते रहते हैं।
ऐसे में यमुना की सफाई को ध्यान में रखते हुए VIP निरीक्षण नावों को खरीदने का फैसला लिया गया है। ऐसा भी कहा जा रहा है कि अभी वहां जितनी बोट्स हैं,वो पुरानी हो चुकी है, उनमें कोई शेड तक नहीं है। नई बोट्स खरीदी जा रहीं हैं। इसे रेस्क्यू बोट के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।