Delhi Firing Case: दिल्ली में शोशा क्लब के बाहर 21 साल के युवक को गोली मार दी गई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Delhi Firing Case: दिल्ली के प्रीत विहार इलाके से फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर शोशा क्लब के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग शुरू हो गई, और एक युवक के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस अस्पताल में भर्ती घायल युवक से मिलने पहुंची और उसका बयान लिया। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित की पहचान घोंडा के नूर-ए-इलाही के रहने वाले 21 साल के  समीर के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें आज सुबह करीब साढ़े 4 बजे सूचना मिली थी कि एक युवक को गोली लग गई है, जिसे गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पतला पहुंची और घायल समीर से मामले के बारे में जानकारी ली।

शुरूआती जांच में सामने आया है कि समीर अपने दोस्त नदीम और दूसरे साथियों के साथ प्रीत विहार स्थित शोशा क्लब गया था। कुछ देर बाद उनके दूसरे दोस्त भी वहां पहुंच गए। इसी दौरान क्लब के अंदर अरहम नाम के युवक का किसी तीसरे पक्ष से विवाद हो गया, जो बाद में झगड़े में बदल गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

विवाद बढ़ने पर  दोनों पक्ष क्लब से बाहर सर्विस रोड की तरफ आ गए। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग कर दी, और समीर के दाहिने पैर गोली लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर मौजूद दोस्तों ने तुरंत घायल समीर को GTB अस्पताल में भर्ती करवा दिया। 

पुलिस पूछताछ में समीर ने बताया कि वह हमलावर को नहीं पहचानता है। इसके अलावा क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए हैं। पुलिस इस मामले में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी है, ताकि आरोपियों की पहचान करके उनकी गिरफ्तारी की जा सके।

दिल्ली /एनसीआर की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।