Delhi Fire in Private Bus: दिल्ली के विकासपुरी से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर देर रात एक प्राइवेट बस में अचानक से आग लग गई, जिसमें एक कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बस के अंदर से कंडक्टर का जला हुआ शव बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, वहीं मामले में आगे की जांच जारी है।
मृतक की पहचान 25 साल के सुनील शर्मा के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामंने आया है कि हादसे के वक्त सुनील बस में सो रहा था, उस दौरान सुनील ने मच्छर भगाने के लिए बस में अगरबत्ती जलाई थी। संभावना जताई जा रही है कि आग इसी अगरबत्ती से लगी है, हालांकि सटीक कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। घटना के बारे में पता लगने पर पुलिस समेत दमकल विभाग की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग का कहना है कि आग बुझाने में 1 घंटे से ज्यादा का वक्त लग गया था, जिसके बाद शव को बाहर निकाला गया।
बस के अंदर फंस गए थे सुनील
दमकल विभाग के मुताबिक देर रात 12 बजकर 33 मिनट पर उन्हें घटना के बारे में सूचित किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने बस से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखीं, इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस धू-धू कर जलती दिखाई दे रही है।
आग इतनी तेजी से फैली कि सुनील को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला, वह बस के अंदर ही फंसा रह गया। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंचीं, और आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।