Delhi Fire Incident: दिल्ली के बदरपुर इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां एक घर में छत पर बने वॉशरूम आग लगने से एक 65 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद शव को एम्स ट्रामा सेंटर भेज दिया गया है। मृतका के परिजनों का कहना है कि गैस पाइपलाइन में लीकेज की वजह से यह हादसा हुआ है। हालांकि पुलिस इस मामले में अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र के मोलरबंद इलाके का बताया जा रहा है। मृतका की पहचान 65 साल की वीणा सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस पूछताछ में मृतका के परिजनों ने बताया कि उनकी घर की छत पर एक वॉशरूम बना हुआ है, जिसे मुख्य रूप से वीणा इस्तेमाल करती थीं।
उन्होंने कहा कि वह हादसे के वक्त छत पर मौजूद नहीं थे। अचानक से उन्हें वॉशरूम से तेज आवाज आई, जिसके बाद सभी लोग छत पर पहुंच गए, उन्होंने देखा कि वॉशरूम से धुआं निकल रहा था, जब उन्होंने वॉशरूम के अंदर देखा तो महिला बुरी तरह झुलस गई थीं।
2 महीने पहले कराया था कनेक्शन
परिजनों के मुताबिक, करीब 2 महीने पहले पाइपलाइन गैस का कनेक्शन कराया गया था, जिसमें लीकेज की समस्या थी। परिजनों का कहना है कि वॉशरूम में गैस भर गई थी, जिसकी उन्हें हादसे से पहले पता नहीं लगा। वहीं शनिवार शाम 6 बजे मृतका वॉशरूम यूज़ करने पहुंची, तो स्मोक करने के लिए उन्होंने माचिस जलाई, जिसकी वजह से हल्के ब्लास्ट के साथ आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर वीणा की मौत हो गई। साउथ ईस्ट के डीसीपी डॉक्टर हेमंत तिवारी का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं लग पाया, इसकी जांच की जा रही है।