Delhi DTC Bus Fire Case: दिल्ली के मेहरौली बदरपुर रोड पर आज 5 मार्च गुरुवार को एक इलेक्ट्रिक बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। हादसे के वक्त बस में कुछ यात्री भी सवार थे, जिसकी वजह से चीखने-चिल्लाने लगे। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद ड्राइवर की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना से रोड पर जाम की स्थिति बन गई, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।
पूरा मामला दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार का बताया जा रहा है। हादसा बत्रा हॉस्पिटल बस स्टैंड के पास हुआ। जहां आज दोपहर DTC की एक इलेक्ट्रिक बस में अचानक से आग लग गई। जब चालक ने बस से अचानक धुआं निकलते देखा, तो उन्होंने तुरंत बस को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। देखते ही देखते बस में आग लग गई, जिसके बाद चालक और कंडक्टर ने सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस जांच में जुटी
मामले के बारे में पता लगते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया गया। घटनास्थल पर पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे, उनकी उपस्थिति में बचाव कार्य शुरू हुआ था। हादसे की वजह से अन्य चालकों का यातायात भी प्रभावित हुआ। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास भी लगी आग
बता दें कि आज सुबह 5 मार्च गुरुवार को रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास बनी 50 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक हो गईं थी। आग पर काबू पाने के लिए लगभग 16 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया। इस हादसे में एक लड़की की मौत हो गई, जिसका शव फायर सर्विस ने पुलिस को सौंप दिया है। हालांकि आग लगने का कारण का अभी पता नहीं लग पाया है। इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।