Delhi Crime Branch: दिल्ली की क्राइम ब्रांच ने कौशल चौधरी गैंग के शूटर कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली के बुराड़ी में एक साजिश की प्लानिंग कर रहे थे। आरोपियों का उद्देश्य शहर में दशहत का माहौल पैदा करना था।

Delhi Crime Branch: दिल्ली क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने यहां कौशल चौधरी गैंग के शूटर कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी बुराड़ी के एक कारोबारी की हत्या की साजिश रच रहा था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि साल 2019 में पिता की हत्या के बाद आरोपी गलत संगत में पड़ गया था। उसने पुलिस को बताया कि पिता के गुजर जाने के बाद बीए की पढ़ाई को बीच में ही छोड़कर आरोपी ने अपराध की राह अपना ली। इसके अलावा आरोपी कुलदीप पहले भी पंजाब में 5 करोड़ की रुपए की रंगदारी और फायरिंग के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

मीड़िया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली क्रांइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि कौशल चौधरी गैंग के लोग दिल्ली में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद 7 फरवरी को द्वारका के सेक्टर-17 में जाल बिछाया। यहां आरोपी कुलदीप सिंह स्कूटी से पहुंचा और पुलिस को देखकर भागने लगा। लेकिन पुलिस की तैयारी के सामने उसकी यह कोशिश असफल रही है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी कुलदीप के पास से 1 PX-30 की ऑटोमिक पिस्टल, 1 अत्याधुनकि 7.65 एमएम पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और चोरी की एक स्कूटी बरामद की है। बताया जा रहा है कि स्कूटी की चोरी की रिपोर्ट यूपी के मुरादनगर थाने में दर्ज की गई थी। वहीं आरोपी पर हथियार रखने के आरोप में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस की जांच में खुलासा 

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि आरोपी कुलदीप सिंह को विदेश में बैठे गैंगस्टर पवन शौकीन और गुरदीप ने राजधानी दिल्ली में एक कारोबारी की हत्या करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। गैंग का उद्देश्य बुराड़ी के कारोबारी की हत्या करने के बाद शहर में दबदबा बनाने और एक संगठित रंगदारी के नेटवर्क को चलाना था।