देश की राजधानी दिल्ली में मौसम साफ होने और हवा की रफ्तार तेज होने के बावजूद वायु प्रदूषण की समस्या बनी है। राजधानी के कई इलाके ऐसे हैं, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 250 के पार दर्ज किया गया है। ऐसे में धूल के प्रति संवेदनशील लोग मास्क लगाने को मजबूर हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली में आज सुबह 8 बजे एक्यूआई 259 दर्ज किया गया, जो कि खराब श्रेणी में होता है। वहीं बीते कल यानी सोमवार की बात करें तो एक्यूआई 214 दर्ज हुआ था। ऐसे में यह दर्शाता है कि कल के मुकाबले वायु प्रदूषण में इजाफा हुआ है।
दिल्ली के वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कई स्टेशन ऐसे हैं, जहां एक्यूआई 300 के पार भी दर्ज किया गया है। दिल्ली के रोहिणी में एक्यूआई 340, अशोक विहार में 337, बराड़ी में 345, मुंडका में 328, आनंद विहार में 219, बवाना में 321 और चांदनी चौक 302 समेत कई स्टेशनों पर वायु की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पाई गई है।
इसके अलावा नेहरू नगर का एक्यूआई 257, द्वारका में 234, इंडिया गेट 235, आईटीओ 236 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक्यूआई 265 दर्ज किया गया है, जो कि खराब श्रेणी में है। वायु गुणवत्ता सूचकांक में वृद्धि इस बदलते मौसम में श्वसन और फेफड़ों की समस्याओं से पीड़ित मरीजों के लिए चिंता का विषय है।
