Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के 9 स्कूलों को आज 9 फरवरी सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले के बारे में पता लगने पर स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ईमेल के माध्यम से राजधानी के अलग-अलग इलाकों में स्थित नामी स्कूलों को धमकी दी गई है। इसके अलावा ईमेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी का सदस्य बताया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल में धमकी देने के साथ-साथ लिखा है कि ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान, आज शहीद अफजल गुरु की याद में बम ब्लास्ट किया जाएगा। स्कूलां विच आज 1:11 बजे धमाका होगा,13 फरवरी को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर संसद में ब्लास्ट होगा’.सूचना मिलते ही स्टूडेंट्स, टीचर्स और अन्य स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल परिसरों को तुरंत खाली करवा लिया गया है। जांच में सामने आया है कि जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, उनमें यह स्कूल शामिल है...
- दिल्ली कैंट का लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल।
- श्रीनिवासनपुरी में स्थित केम्ब्रिज स्कूल।
- रोहिणी का वेंकटेश्वर स्कूल।
- सीएम श्री स्कूल।
- एनएफसी का केम्ब्रिज स्कूल।
- सादिक नगर में स्थित इंडियन स्कूल।
- INA में स्थित डीटीए स्कूल
- रोहिणी का बाल भारती स्कूल।
- KR मंगलम स्कूल
पुलिस ने क्या कहा ?
सुरक्षा एजेंसियां सभी स्कूलों की जांच कर रही हैं, सभी कॉल्स की लोकेशन को भी ट्रेस किया जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध सामान बरामद होने की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अब तक स्कूलों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी कॉल्स संदिग्ध लग रही हैं, हर इनपुट को प्रोटोकॉल के मुताबिक वेरिफाई किया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले भी दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी हैं, हालांकि जांच के दौरान इन कॉल्स को फर्जी पाया गया है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।