haribhoomi hindi news
यूट्यूबर सलीम वास्तिक के गले का ऑपरेशन हो चुका है, लेकिन आज पेट का ऑपरेशन होना है। उनकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। सीएम ने कहा कि राज्य में आतंक की कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। सीएम के निर्देशों पर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाजियाबाद के लोनी इलाके में रहने वाले वाले यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर शुक्रवार की सुबह दो बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। दोनों बदमाशों ने उनके गले को चाकू से रेता और पेट पर भी कई बार हमले किए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। 

पुलिस ने बताया कि घायल सलीम वास्तिक का उपचार चल रहा है। उनके बेटे की शिकायत पर शुक्रवार को ही आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। सलीम के बेटे उस्मान ने एआईएमआईएम नेता अजगर, भाटी बिल्डर, अशरफ, शाहरुख और सोनू के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जल्द ही सलीम वास्तिक पर हमले करने वाले और इसकी साजिश रचने वाले सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगे। 

इस वजह के चलते हुआ जानलेवा हमला 

गाजियाबाद के लोनी इलाके में अली कॉलोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक का ऑफिस है। शुक्रवार सुबह वे ऑफिस आए, कुछ समय बाद ही उन पर जानलेवा हमला हो गया। सलीम वास्तिक इस्लाम में कुरीतियों के खिलाफ वीडियो बनाते थे। उनसे न केवल कट्टरपंथी नाराज थे, बल्कि स्थानीय लोगों के निशाने पर भी थे। 

आज पेट का होगा ऑपरेशन 

घायल सलीम को दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को उनके गले का ऑपरेशन हुआ था। परिजनों का कहना है कि आज शनिवार को उनके पेट का ऑपरेशन होगा। उधर, मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया जा रहा है कि सलीम वास्तिक की हालत अभी भी गंभीर बनी है।

7