दिल्ली में शिक्षा जगत में एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। आज 75 सीएम श्री स्कूल शुरू किए गए हैं। इनमें डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, 7000 स्मार्ट बोर्ड वाली क्लास शामिल हैं। आज दिल्ली के बच्चों को आधुनिक तकनीकों के साथ बेहतर शिक्षा दी जा रही है। मैं हमारे शिक्षा मंत्रालय को बधाई देती हूं।
यह बात दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सरोजनी नगर में सीएम श्री स्कूल प्रोजेक्ट्स के शुभारंभ के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कही। इससे पूर्व उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज मैं भावुक हूं इस शानदार स्कूल को देखकर। मैंने हर क्लास रूम में जाकर देखा। सीएम श्री स्कूल में बच्चों को कंप्यूटर रूम में कंप्यूटर पर काम करते देखा। प्ले ग्राउंड में गई तो बच्चों को गेम्स खेलते देखा। लैंग्वेज लैब में गई तो बच्चों को अनेकों भाषाएं बोलते देखा। यह सब भावुक करने वाला था।
उन्होंने कहा कि हमारे सरकारी स्कूल के बच्चे एआई के माध्यम से अनेकों नए आइडिया पर काम कर रहे हैं। मुझे महसूस हुआ कि अपनी पढ़ाई के दौरान जो हम सपना देखा करते, वो आज साकार दिख रहा है। उन्होंने कहा कि मेरा सपना था कि ऐसा स्कूल हो जहां कंप्यूटर हो, लाइब्रेरी हो, स्पोर्ट्स ग्राउंड हो, आज वो सपना साकार होता दिख रहा है, जिसके लिए दिल्ली के शिक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्री आशीष सूद को बधाई दी। साथ ही केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार जताया, जिनके मार्गदर्शन में शिक्षा को बढ़ावा देने का काम किया।
यह भी पढ़ें : मौसम साफ फिर भी दिल्ली का एक्यूआई 300 के पार, जानिये किन इलाकों की हवा सर्वाधिक प्रदूषित
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का भी आभार, जिन्होंने दिल्ली के स्कूलों के आधुनिकरण के लिए आर्थिक मदद दी। साथ ही उन अभिभावकों का भी आभार जताया, जिन्होंने बच्चों को दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ाया। उन्होंने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि सरकारी स्कूलों को इस लेवल तक पहुंचाएंगे कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में बच्चों को दाखिला कराने के लए अप्रोच लगाएंगे। यहां के विद्यार्थी हर कला में परिपूर्ण होंगे। कंप्यूटर में भी अव्वल होंगे, खेलों में और शिक्षा में भी अव्वल होंगे।
ये भी पढ़ें : फांसी घर विवाद... अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 4 नेताओं को अंतिम मौका
पुरानी सरकारों पर साधा निशाना
सीएम रेखा गुप्ता ने पिछली सरकारों पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि फरवरी 2025 में दिल्ली के लोगों ने बीजेपी की सरकार को चुनी। तब से दिल्ली की दिशा बदल रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि पिछली सरकार शिक्षा क्रांति का दावा करती थी, लेकिन शिक्षा में नहीं बल्कि घोटाला करने में क्रांति की थी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने दिल्ली के लोगों को लूटने में कोई कमी नहीं छोड़ी। आज कहना चाहती हूं कि हम शिक्षा का मॉडल भी बेहतर बनाने जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि हर सरकारी स्कूल और हर क्लास रूम में विद्यार्थियों को सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।