देश की राजधानी दिल्ली का मौसम बदल रहा है। लोगों को सर्द हवा की बजाए अब गर्मी का भी अहसास होने लगा है। लेकिन, मौसम में आ रहे इस बदलाव के बावजूद दिल्ली की हवा की क्वालिटी में कोई सुधार नहीं देखा जा रहा है। हालात यह हैं कि आज भी वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 350 से अधिक दर्ज किया गया है। यही नहीं, सुबह स्मॉग की परत भी छाई रही।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के आंकड़ों पर नजर डालें तो वजीरपुर की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित पाई गई। यहां एक्यूआई 375 दर्ज किया गया। वहीं, चांदनी चौक में 365 और अक्षरधाम मंदिर के पास एक्यूआई 325 दर्ज किया गया। अलीपुर का एक्यूआई 310, अशोक विहार में 342, बुराड़ी में 321, बवाना में 312, द्वारका सेक्टर 8 में 280, आईजीआई एयरपोर्ट टी 3 का एक्यूआई 230 दर्ज हुआ। कुल मिलाकर दिल्ली के 20 इलाके ऐसे रहे, जहां की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
#WATCH दिल्ली: अक्षरधाम मंदिर के आसपास के इलाके में AQI 325 है, जिसे सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार 'बहुत खराब' कैटेगरी में रखा गया है। pic.twitter.com/dzp9XJB0ob
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 11, 2026
बदलता मौसम सेहत पर पड़ रहा भारी
कड़ाके की सर्दी में वायु प्रदूषण के चलते लोगों को सांस लेने, आंखों में जलन और वायरल इंफेक्शन जैसी दिक्कतों के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब मौसम में बदलाव आने के बाद इन मरीजों की संख्या और बढ़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स में चिकित्सकों के हवाले से लोगों को सलाह दी गई है कि घर से बाहर निकलने से पहले मास्क अवश्य लगाएं ताकि वायु प्रदूषण से बचाव के साथ ही सर्दी जुकाम जैसे इंफेक्शन की चपेट में आने से बचा जा सके।










