Delhi Police: नई दिल्ली में नाइट पेट्रोलिंग कर रहे हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र को एक कार चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी जब संदिग्ध कार का पीछा कर रहे थे उसी दौरान यह घटना हुई।

Delhi Police: नई दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां एक पुलिस कर्मी को नाइट में पेट्रोलिंग करते वक्त कार सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। घटना नई दिल्ली डिस्ट्रिक्ट के मंदिर मार्ग की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध हालात में खड़ी एक एसयूवी के ड्राइवर ने पुलिसकर्मी के द्वारा रोकने पर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिसकर्मी ने जब उसका पीछा किया तो कार चालक ने पुलिसकर्मी को टक्कर मार कर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

घायल हेड कांस्टेबल महेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर 14 अप्रैल को केस दर्ज किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हेड कांस्टेबल महेंद्र 13 अप्रैल को 8 बजे से 8 बजे तक नाइट पेट्रोलिंग की ड्यूटी पर थे। उनके साथ दूसरे कॉन्स्टेबल दीपेश बाइक से इलाके में अलग गश्त कर रहे थे।

रात करीब 11 बजे के आसपास महेंद्र हनुमान मंदिर से वंदे मातरम् रोड पर गश्त करते हुए जब आसाराम बापू आश्रम के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक काले रंग की महिंद्रा XUV700 सड़क पर संदिग्ध हालत में खड़ी हुई है। इसके बाद पुलिसकर्मी कार चालक से पूछताछ करने पहुंचे तो वह वर्दी देखकर डर गया और कार को तेज स्पीड में धौला कुआं की ओर लेकर भागने लगा। इसके बाद महेंद्र ने अपनी सरकारी बाइक से कार पीछा किया

इस दौरान दूसरे कॉन्स्टेबल दीपेश भी मौके पर पहुंच गए और वह भी कार का पीछा करने लगे। लेकिन अचानक कार सवार ने गाड़ी को ब्रेक लगाए और रिवर्स करना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, जैसे ही कॉन्स्टेबल महेंद्र ने कार के पास पहुंचकर भागने का कारण पूछा तो उसने अचानक कार तेजी से भगाई और पुलिसकर्मी की बाइक में टक्कर मार दी। आरोपी चालक ने टक्कर इतनी तेज मारी की पुलिसकर्मी महेंद्र बुरी तरह से जख्मी हो गए और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद कॉन्स्टेबल दीपेश ने कार चालक का पीछा भी किया लेकिन वह कार को तेज रफ्तार से भगा ले गया और फरार हो गया।