Delhi High Court: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा फिलहाल मामला न्यायिक प्रक्रिया के तहत है। इस पर अभी कुछ भी बोलना ठीक नहीं होगा। आज कथित शराब घोटाले के मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित अन्य 23 आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा दी गई राहत वाले फैसले की चुनौती पर सुनवाई होगी। ट्रायल कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ सीबीआई ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका डाली थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अरविंद केजरीवाल सहित मामले के अन्य आरोपी कोर्ट में अगली सुनवाई पर जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के सामने रिक्यूजल की मांग रख सकते हैं। इसका मतलब होता कि जो जज इस मामले की सुनवाई कर रही हैं उनसे इस मामले की सुनवाई से अलग होने का अनुरोध करना। इसके अलावा ऐसा भी बताया जा रहा है कि इस मामले पर अदालत में खुद अरविंद केजरीवाल अपनी दलीलें रख सकते हैं।
वहीं इससे पहले भी अरविंद केजरीवाल को छोड़कर अन्य आरोपी भी जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की निष्पक्षता पर सवाल उठा चुके हैं और मामले की सुनवाई किसी दूसरी बेंच में स्थानांतरित करने की भी दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्यन्यायधीश के सामने मांग कर चुके हैं। हालांकि मुख्यन्यायधीश ने इस मांग को खारिज कर दिया था। इसके बाद आरोपियों ने बेंच बदलने के लिए सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका डाली थी।
फिलहाल अरविंद केजरीवाल दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच चुके हैं। इस दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और वकीलों की टीम भी मौजूद थी। बता दें कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित अन्य सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट ने शराब घोटाले के मामले में बरी कर दिया था। इसके बाद सीबीआई ने ट्रायल कोर्ट के इसी फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी, जिस पर आज सुनावाई होनी है।