पंजाब की अबोहर की रहने वाली दिलजोत कौर चार महीने की उम्र से गंभीर संक्रमण से पीड़ित थी। उसके दिल में भी छेद पाया गया था। अब पंजाब सरकार की एक योजना के तहत वह पूरी तरह से स्वस्थ हो चुकी है।

पंजाब के अबोहर की रहने वाली सात वर्षीय दिलजोत की कहानी किसी चमत्कार से कम नहीं है। वह अन्य बच्चों की तरह खेलना चाहती थी, लेकिन कुछ दूर भागते ही उसकी सांसें फूलने लगती थी। यह देखकर उसके माता-पिता की आंखों से आंसू आ जाते थे। लेकिन, पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना का लाभ पाकर यह बच्ची स्वस्थ हो चुकी है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस बच्ची के स्वस्थ होने पर खुशी जताते हुए संदेश दिया है। 

आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, 'बड़े होकर पंजाब और देश का खूब नाम रौशन करना दिलजोत.. 4 महीने की इस मासूम बच्ची के दिल में छेद था। इस बच्ची के इलाज में परिवार का एक भी पैसा नहीं लगा। 2.77 लाख रुपये का पूरा खर्च पंजाब सरकार के सेहत कार्ड की मदद से बिल्कुल मुफ्त में हो गया।' 

चार महीने की उम्र से था गंभीर संक्रमण
रशप्रीत कौर और भारत कुमार की बेटी दिलजोत को चार महीने की उम्र से गंभीर संक्रमण था। दिलजोत के दिल में छेद भी था, जिसके चलते चलने के दौरान भी उसकी सांस फूलने लगती थी। भारत छोटा सा सैलून चलाते हैं। इस कारण दिलजोत के दिल में छेद होने की खबर उनके लिए तूफान से कम नहीं था। वे चाहते थे कि किसी अच्छे बड़े अस्पताल में इलाज कराएं, लेकिन पैसे नहीं थे। कहते हैं ना, जहां उम्मीद होती है, वहां रास्ता अपने आप बन जाता है।

इस परिवार को भी पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना का सहारा मिल गया। दिलजोत के इलाज के लिए 2.77 लाख रुपये का कवर मिल गया। इस योजना के तहत मां और नवजात को दस लाख रुपये का सालाना कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सकती है। आज रशप्रीत कौर और भारत कुमार के चेहरे पर मुस्कान है। जल्द ही दिलजोत भी सामान्य बच्चों की तरह खेल पाएगी।