उपराज्यपाल विनय सक्सेना को विदाई पार्टी देने के लिए आम आदमी पार्टी ने चाय विदाई पार्टी का आयोजन किया है। यह जानकारी कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने दी है।

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना की जगह 1988 बैच के पूर्व भारतीय विदेशी सेवा अधिकारी तरनजीत सिंह संधू को सौंपी गई है। वहीं, वीके सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे 13 मार्च को एलजी पद की शपथ लेंगे। उनके लिए 8 मार्च को राजनिवास पर शानदार विदाई पार्टी का आयोजन किया गया था। अब आम आदमी पार्टी ने भी एलजी विनय सक्सेना के लिए विशेष विदाई पार्टी का आयोजन किया है। 

आम आदमी पार्टी की कोंडली विधानसभा से विधायक कुलदीप कुमार ने अपने ऑफिशियल अकाउंट एक्स पर लिखा, माननीय एलजी साहब, आपके ट्रांसफर के अवसर पर दिल्ली की जनता की ओर से एक खास विदाई टी पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। काफी समय तक दिल्ली की चुनी हुई सरकार के कामों में रुकावट, फाइलों का लंबा सफर और जनता के मुद्दों पर खामोशी, इन सब 'यादगार पलों' को याद करते हुए सोचा कि जाते-जाते एक कप चाय पर थोड़ी चर्चा तो बनती है।

उन्होंने बताया कि यह टी विदाई पार्टी 11 मार्च सुबह 10 बजे दिल्ली के कालिंदी कुंज घाट पर होगी। उन्होंने उम्मीद जताई के इस बार फाइलों की तरह निमंत्रण भी अटका नहीं रहेगा और समय निकालकर जरूर पधारेंगे। 

तरनजीत सिंह संधू कल लेंगे पद की शपथ 

दिल्ली के नवनियुक्त तरनजीत सिंह संधू 11 मार्च को लोक निवास में शपथ ग्रहण करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि यह शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 1:30 बजे आयोजित किया जाएगा। लोक निवास में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि दो दिन पहले तरनजीत सिंह संधू लोक निवास पहुंचे और वीके सक्सेना से मुलाकात की।