दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर में एक कार से मिले तीन शवों के मामले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृतक में से एक महिला एक तांत्रिक के संपर्क में थी। सीसीटीवी फुटेज से यह भी पता चला है कि कार में चार लोग सवार थे, लेकिन एक शख्स, जो कि तांत्रिक हो सकता है, फरार हो गया था। बहरहाल, बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस तांत्रिक को अरेस्ट कर लिया है। तांत्रिक का नाम करीमुद्दीन बताया जा रहा है। वह अमीर बनाने की चाहत में लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है, जिससे पता चल सके कि तीनों की मौत किस वजह से हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स में दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस मामले की जांच के लिए दिल्ली एनसीआर के एक दर्जन से अधिक तांत्रिकों से पूछताछ की। पता चला कि मृतक महिला नर्सिंग सहायक का काम करती थी और तंत्र क्रियाओं में लिप्त थी। एक अधिकारी ने बताया कि शक है कि तीनों लोग अमीर बनने की चाहत में तंत्र मंत्र और विशेष क्रियाएं कर रहे थे। फिलहाल तीनों की मौत कैसे हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट का भी इंतजार है। पुलिस ने बताया कि कार में सवार करीमुद्दीन को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। जल्द ही इस रहस्यमयी मौत का मामला पूरी तरह से सुलझ जाएगा।
यह है मामला
बता दें कि दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर बीते रविवार को एक कार में महिला समेत तीन लोगों के शव मिले थे। मृतक की पहचान 76 वर्षीय रणधीर सिंह, 40 वर्षीय शिव नरेश और लक्ष्मी के रूप में हुई थी। शुरुआती जांच से पता चला कि लूट या संघर्ष जैसे कोई संकेत नहीं मिले। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जांची तो पता चला कि एक शख्स कार में मौजूद था, लेकिन वो फरार हो गया। ऐसे में यह मामला बेहद पेचिदा बन गया है क्योंकि मृतक तांत्रिक क्रिया में लिप्त पाए गए। हालांकि अब करीमुद्दीन के गिरफ्त में आते ही इस मामले के जल्द सुलझने की उम्मीद है।










