Murder in Yamuna Vihar: देश की राजधानी दिल्ली में बदमाश पुलिस से पूरी तरह बेखौफ हैं। इसी कड़ी में उत्तर पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार इलाके में एक युवक की कुछ बदमाशों ने दिनदहाड़े सीने पर चाकू मारकर हत्या कर दी। यही नहीं, उसे बचाने आए दोस्त पर भी जानलेवा हमला कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, यह वारदात मंगलवार शाम करीब 5 बजे के आसपास भजनपुरा, यमुना विहार (बी-3 मार्केट) डिस्पेंसरी के सामने की है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय करण झा के रूप में हुई है। उसकी भजनपुरा के ए-ब्लॉक में कॉफी शॉप थी। करण झा अपने दोस्त माधव के साथ स्कूटी पर कॉफी शॉप से निकला था। जैसे ही भजनपुरा, यमुना विहार मार्केट की डिस्पेंसरी के पास पहुंचे तो सामने से दो लड़के पैदल आ रहे थे। उन्हीं में से एक ने करण के सीने पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान स्कूटी का बैलेंस बिगड़ा और स्कूटी गिर गई। इसके बाद हमलावरों ने करण पर कई बार चाकू से वार किए। इस दौरान करण के दोस्त माधव को भी कई चोटें लगीं। 

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी और पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम आसपास के इलाके में दबिश कर रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लेगी। 

दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी की हत्या

दिल्ली के सरिता विहार में दिल्ली जल बोर्ड में फील्ड का काम करने वाली कर्मचारी की रविवार को हमलावरों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मृतक की पहचान अक्षय  के रूप में की। पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल दो महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल है।