Delhi Murder Case: उत्तर पूर्वी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से एक 17 साल के लड़के की हत्या की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या आपसी रंजिश की वजह से हुई है। मृतक की पहचान हसमत के रूप में हुई है। हसमत को आरोपियों ने चाकू मारकर घायल कर दिया, जिसके बाद उसे आनन-फानन में गंभीर हालत में बीआरजेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल को शाम को 6 बजे के आसपास जहांगीरपुरी के रामलीला मैदान में चार लड़कों ने हसमत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में हसमत को कई चाकू लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
आरोपियों की पहचान इरफान, रिजबुल, इमरान और दिलशाद के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि यह हत्या दोनों परिवारों के बीच चल रहे लंबे समय से विवाद की वजह से हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक के भाई हकीम का करीब 6 साल से मनवारा नाम की लड़की से प्रेम प्रसंग था। हालांकि 2024 में उसकी किसी दूसरी लड़की से शादी हो गई थी। लेकिन दोनों के संबंध इसके बाद भी जारी रहे और इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ता रहा।
बताया जा रहा है कि ईद के मौके पर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि मृतक की पत्नी के साथ उस दिन गाली गलौज भी हुई थी। इस घटना के बाद हसमत आरोपी परिवार के घर पहुंच गया और वहां भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद से ही आरोपी मृतक से रंजिश रखे हुए थे। आरोपियों ने रविवार को हसमत को रामलीला मैदान में घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की 6 अप्रैल को एफआईआर दर्ज हुई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।