Logo
यह घटना 23 फरवरी की शाम करीब साढ़े 7 बजे की है। बहरहाल, पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूरी दुनिया जहां टी20 वर्ल्ड कप के खुमार में डूबी है, वहीं देश की राजधानी दिल्ली में क्रिकेट के मैदान से दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां पर क्रिकेट मैच के दौरान हुई मामूली बहस हिंसक वारदात में तब्दील हो गई। मामला तिलक नगर का है, जहां 15 वर्षीय क्रिकेटर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। चिंताजनक पहलु यह है कि तीनों आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 23 फरवरी की शाम करीब साढ़े 7 बजे की है। तिलक नगर के वुडलैंड पार्क में क्रिकेट मैच चल रहा था। इस दौरान 12 वर्षीय नाबालिग और 15 वर्षीय पीड़ित के बीच मैच को लेकर बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस हाथापाई में 12 वर्षीय नाबालिग का पलड़ा हल्का रहा। 

उसने तुरंत अपने घर पहुंचकर अपने दो चेचरे भाइयों को पूरे विवाद के बारे में बताया। पुलिस ने बताया कि इन दोनों की उम्र भी 13 और 17 साल है। इसके बाद तीनों पार्क पहुंचे और 15 वर्षीय नाबालिग को पकड़कर उसे पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि हाथापाई के दौरान पीड़ित के सिर और गर्दन पर भी गंभीर चोटें लगीं, जिससे वह बेहोश हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संबंधित पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। तीनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। 

5379487