जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर के लाल बहादुर शास्त्री मिनी स्टेडियम में आयोजित वृहद महतारी वंदन सम्मेलन-2026 में प्रदेश की माताओं-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति समाज की सबसे बडी शक्ति है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है और राज्य सरकार का हर निर्णय महिलाओं के कल्याण, सम्मान और आत्मनिर्भरता को केंद्र में रखकर लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 69 लाख 48 हजार महिलाओं के खातों में 641 करोड़ 58 लाख रुपए अंतरित किए। इसके साथ ही इस योजना के अंतर्गत अब तक महिलाओं को 16 हजार 237 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि माताओं-बहनों के आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाला जनकल्याणकारी अभियान बन चुकी है।
हमारी सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया है
मुख्यमंत्री ने कहा कि, उन्हें 10 मार्च 2024 का वह दिन याद है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महतारी वंदन योजना का शुभारंभ किया था। उसी समय यह संकल्प लिया गया था कि प्रदेश की प्रत्येक पात्र महिला के खाते में हर महीने निर्धारित तिथि पर एक हजार रुपये की राशि पहुंचेगी। पिछले 25 महीनों से यह संकल्प लगातार पूरा किया जा रहा है और इस किश्त के साथ अब तक प्रत्येक हितग्राही महिला को 25 हजार रुपए की राशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया है।
ये लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, बेवरेज कॉपोर्रेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय, राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दिनेश कश्यप कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी.,सहकारी केंद्रीय बैंक दिनेश कश्यप कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
घर परिवार को खुशहाल बनाने में जुटी बहनें
विधायक किरण देव ने कहा कि, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सरकार महिला सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं का कारगर क्रियान्वयन से अब हमारी माताएं और बहनें घर परिवार को खुशहाल बनाने में जुटी हैं और प्रदेश के विकास में अहम योगदान दे रही हैं।
70 लाख बहनें लाभान्वित
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि हमारी सरकार गठित होने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री की गारंटी को लागू करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। महतारी वंदन योजना से राज्य के करीब 70 लाख माताएं एवं बहनें लाभान्वित हो रही हैं।
विकास में महिलाओं की बढ़ी भागीदारी
वन मंत्री केदार कश्यप ने हल्बी बोली में महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को सशक्त करने लगातार प्रयास कर रही है। नियमित रूप से हर महीने सहायता राशि प्रदाय करना अपने वादे के प्रति वचनबद्धता है।








