haribhoomi hindi news
सीबीएसई बोर्ड सिलेबस में बड़ा बदलाव होने वाला है। अब सीबीएसई 9वीं, 10वीं के स्टूडेंट्स को विज्ञान यानी साइंस विषय में भी दो स्तरों का ऑप्शन मिलेगा। 

रायपुर। सीबीएसई बोर्ड सिलेबस में बड़ा बदलाव होने वाला है। अब सीबीएसई 9वीं, 10वीं के स्टूडेंट्स को विज्ञान यानी साइंस विषय में भी दो स्तरों का ऑप्शन मिलेगा। यह बिल्कुल वैसा ही होगा, जैसा अभी मैथ के लिए लागू है। बोर्ड का मानना है कि हर स्टूडेंट की रुचि और भविष्य के लक्ष्य अलग होते हैं, इसलिए उन्हें एक ही कठिन पैमाने पर तौलना सही नहीं है। इस फैसले से उन लाखों स्टूडेंट्स को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें विज्ञान विषय जटिल लगता है। गौरतलब है, नई शिक्षा नीति 2020 के तहत रट्टा मारने वाली पढ़ाई को खत्म कर योग्यता आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में सीबीएसई अब छात्रों को यह चुनने की आजादी देगा कि वे विज्ञान की परीक्षा बेसिक (आसान) लेवल पर देना चाहते हैं या स्टैंडर्ड (कठिन) पर। 

सीबीएसई ने कुछ साल पहले गणित को 2 भागों में बांटा था-मैथ्स स्टैंडर्ड और मैथ्स बेसिक। मैथ्स स्टैंडर्ड उन छात्रों के लिए था, जो 11वीं में गणित पढ़ना चाहते थे। मैथ्स बेसिक उन छात्रों के लिए था, जो 10वीं के बाद गणित छोड़ना चाहते थे। इसका प्रयोग काफायदा यह हुआ कि गणित में फेल होने वाले छात्रों की संख्या में भारी गिरावट आई और उनका मानसिक तनाव भी कम हुआ। इसी सफलता को देखते हुए अब बोर्ड विज्ञान के लिए भी यही मॉडल अपना रहा है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की यह योजना मुख्य रूप से कक्षा 9वीं और 10वीं के स्टूडेंट्स के लिए है। बोर्ड के सूत्रों के मुताबिक, इसे शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पूरी तरह लागू किया जा सकता है। जो स्टूडेंट्स अभी 8वीं या 9वीं में हैं, वे आने वाले समय में अपनी पसंद का लेवल चुन सकेंगे। 10वीं बोर्ड परीक्षा के फॉर्म भरते समय स्टूडेंट्स को अपना विकल्प फ्रीज करना होगा।

एक ही शिक्षक करेंगे अध्यापन
स्कूल में सभी स्टूडेंट्स एक साथ बैठेंगे और एक ही शिक्षक उन्हें पढ़ाएंगे। एनसीईआरटी की किताब और पाठ्यक्रम सबके लिए एक ही रहेगा। अंतर सिर्फ प्रश्न पत्र के लेवल में होगा। बेसिक पेपर में थ्योरी और सीधे सवाल ज्यादा होंगे, जबकि स्टैंडर्ड पेपर में न्यूमेरिकल, लॉजिकल और गहराई वाले सवाल पूछे जाएंगे। सीबीएसई साइंस बेसिक और स्टैंडर्ड सिलेबस में चुनाव आपके भविष्य की स्ट्रीम तय करेगा। यदि छात्र 'साइंस स्टैंडर्ड' चुनते हैं तो वे 11वीं में मेडिकल या इंजीनियरिंग की पढ़ाई जारी रख सकते हैं। अगर आप 'साइंस बेसिक चुनते हैं तो आप 10वीं के बाद कॉमर्स या ह्यूमैनिटीज (आर्ट्स) ले सकते हैं। हालांकि, बेसिक चुनने के बाद आप 11वीं में मुख्य विषय के रूप में साइंस नहीं ले पाएंगे।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7