राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद थाना क्षेत्र के झलमला गांव में स्थित एक कबाड़ दुकान में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। लोहे का कबाड़ गाड़ी में लोड करते समय 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई और दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
कबाड़ लोडिंग के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
यह हादसा तब हुआ जब पांच मजदूर गाड़ी में लोहे का कबाड़ लोड कर रहे थे। काम के दौरान अचानक कबाड़ उठाते समय गाड़ी के हिस्से या कबाड़ का हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे तेज़ करंट पूरे वाहन में फैल गया।
बालोद के झलमला गांव स्थित कबाड़ दुकान में लोहे का कबाड़ लोड करते वक्त 11 केवी तार की चपेट में तीन मजदूर आए, एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूपं से घायल हुए। @BalodDistrict #Chhattisgarh #ElectricShock pic.twitter.com/cuhUfyE9Oo
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 6, 2026
दो मजदूर कूदकर बचाए अपनी जान
घटना के दौरान गाड़ी पर काम कर रहे पांच मजदूरों में से दो मजदूर तुरंत गाड़ी से कूद गए और उनकी जान बच गई। लेकिन तीन मजदूर करंट की चपेट में आ गए और घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई।
एक मजदूर की मौके पर मौत
करंट लगने से दीनू सतनामी, उम्र 50 वर्ष, निवासी जवाहरपारा बालोद, की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य घायल मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
कबाड़ दुकान संचालक की लापरवाही सामने आई
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान संचालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। दुकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन के बावजूद सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे। बिना बिजली लाइन की दूरी की जांच किए मजदूरों को कबाड़ लोड करवाया गया, जिससे यह जानलेवा दुर्घटना हुई।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
हादसे की जानकारी मिलने पर बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)








