Logo
वन प्रबंधन और जल संरक्षण मॉडल का अध्ययन करने के लिए IFS के 133 प्रोबेशनर अधिकारियों का दल धमतरी जिले के दक्षिण सिंगपुर वन परिक्षेत्र स्थित पम्पारनाला पहुँचा।

सौम्या यादव- धमतरी। छत्तीसगढ़ के वन प्रबंधन और जल संरक्षण मॉडल का अध्ययन करने के लिए IFS के 133 प्रोबेशनर अधिकारियों का दल धमतरी जिले के दक्षिण सिंगपुर वन परिक्षेत्र स्थित पम्पारनाला पहुँचा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी, देहरादून के वर्ष 2025-26 बैच के ये अधिकारी यहाँ 15 मार्च तक 'सॉइल एंड वाटर कंजर्वेशन मेजर्स' विषय पर जमीनी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

तकनीकी बारीकियों से हुए रूबरू
प्रधान मुख्य वन संरक्षक व्ही. श्रीनिवास राव के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (मानव संसाधन) शालिनी रैना, रायपुर सीसीएफ मणिवासगन एस. और दुर्ग सीसीएफ मर्सीबेला ने प्रशिक्षुओं को तकनीकी पहलुओं और वन प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया। 

Trainers training trainee IFS officers
प्रशिक्षु IFS अधिकारियों को ट्रेनिंग देते ट्रेनर 

मिट्टी के कटाव से सिंचाई तक का सफर
धमतरी डीएफओ जाधव श्रीकृष्ण ने प्रशिक्षुओं को पम्पारनाला परियोजना की सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में यहाँ अत्यधिक मृदा अपरदन (सॉयल एरोज़न) और मानसून के बाद सूखे जैसी गंभीर समस्याएँ थीं। इन्हें दूर करने के लिए स्थल के अनुरूप वैज्ञानिक उपचार किए गए हैं। ब्रशवुड चेकडेम, लूज बोल्डर चेकडेम, गेबियन संरचनाएँ और 30-40 मॉडल का निर्माण। पानी के बहाव को धीमा करना, मिट्टी के कटाव को रोकना और भू-जल स्तर को बढ़ाना। पम्पारनाला में अब बारहमासी जल भराव रहता है, जिससे न केवल सिंगपुर, कमईपुर और राउतमुड़ा के ग्रामीणों को सिंचाई सुविधा मिली है, बल्कि वन्यप्राणियों के लिए भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। 

Trainer with trainee IFS officers
प्रशिक्षु IFS अधिकारियों के साथ ट्रेनर 

प्रशिक्षु अधिकारियों को 8 समूहों में गया था बांटा 
प्रशिक्षु अधिकारियों को बेहतर समझ के लिए 8 समूहों में बांटा गया था। बलौदाबाजार डीएफओ गणवीर धम्मशील, राजनांदगांव डीएफओ आयुष जैन, कांकेर डीएफओ रौनक गोयल, दुर्ग डीएफओ दिपेश कपिल और बालोद डीएफओ अभिषेक अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रुप लीडर के रूप में फील्ड पर लाइव डेमो और तकनीकी प्रशिक्षण दिया। 

11 से 14 मार्च तक चलेगा प्रशिक्षण 
यह प्रशिक्षण दल 11 और 12 मार्च को कुसुमपानीनाला, कांसानाला और लकलकीनाला का दौरा करेगा। वहीं, 14 मार्च को दुगली स्थित वन धन विकास केन्द्र में वनों के दोहन, कूप मार्किंग और कटाई कार्य का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें भी सुरक्षा व आपातकालीन सेवाओं हेतु तैनात रहीं।

5379487