CG की बड़ी खबरें : धमतरी और दुर्ग में प्रचार करेंगे सीएम साय, शाम तक थम जाएगा चुनाव प्रचार, भाजपा की महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ की छोटी-बड़ी सभी खबरें रोजाना हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'सीजी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और छत्तीसगढ़ की हर खबर से अपनी जानकारी बढ़ाएं।
रविवार की बड़ी खबरें
धमतरी और दुर्ग में प्रचार करेंगे सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज धमतरी और दुर्ग में चुनाव प्रचार करेंगे। चुनाव प्रचार थमने से पहले दो नगर निगम में मेगा रोड शो करेंगे। 12 बजे से धमतरी में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे। 2.40 पर दुर्ग प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील करेंगे।
आज शाम तक थम जाएगा चुनाव प्रचार
नगरीय निकाय चुनाव के लिए आज शाम तक चुनाव प्रचार थम जाएगा। आज रात 12 बजे तक प्रत्याशी चुनाव प्रचार कर सकेंगे। रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र प्रतिबंधित होंगे। प्रचार थमने के बाद प्रत्याशी डोर टू डोर जनसंपर्क कर सकेंगे। निकाय चुनाव में 10 निगम में कुल 79 मेयर प्रत्याशी हैं। छत्तीसगढ़ में कुल 1889 पार्षद प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। 11 फरवरी को निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा।
भाजपा की महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता
भाजपा आज महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता करेगी। वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति के साथ बड़ी प्रेसवार्ता होगी। 11.15 पर भाजपा जिला कार्यालय एकात्म परिसर में प्रेसवार्ता होगी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा प्रेसवार्ता में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, प्रफुल्ल विश्वकर्मा प्रेसवार्ता में शामिल होंगे। निकाय चुनाव प्रचार थमने से पहले भाजपा के नेता दम दिखाएंगे। एक साल की उपलब्धि के साथ कई विषयों पर चर्चा करेंगे।
PSC प्रीलिम्स की परीक्षा आज
PSC प्रीलिम्स की परीक्षा आज होंगी। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी PSC की परीक्षा देंगे। छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहला पेपर 10 से 12 बजे तक और दूसरा पेपर 3 से 5 बजे तक आयोजित है। जनरल स्ट्डीज और एप्टीट्यूड टेस्ट का पेपर होगा। 246 पद के लिए डेढ़ लाख से अधिक आवेदन मिले हैं। एक पद के लिए 642 दावेदार सामने हैं।
