भाजपा नेताओं को दी धमकी : मतदान के बीच जारी किया पर्चा, चार स्थानीय नेताओं को सुनाया मौत का फरमान 

Naxalites issued leaflets
X
नक्सलियों का जारी किया गया पर्चा
नक्सलियों ने भाजपा के चार वरिष्ठ नेताओं को जान से मारने की धमकी दी है। 

नारायणपुर। लोकसभा चुनाव के बीच नक्सलियों ने भाजपा के चार स्थानीय नेताओं को जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने मंत्री केदार कश्यप के करीबियों को मौत की सजा देने का फरमान जारी किया है। बीजेपी नेता जयप्रकाश शर्मा, संजय तिवारी, गुलाब बघेल और शांतनु दुग्गा को धमकी मिली है।

उल्लेखनीय है कि, आज बस्तर में पहले चरण का मतदान हो रहा है। संवेदनशील इलाका होने के कारण यहां पर 60 हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है। हालांकि, नक्सली कुछ दिन पहले से ही चुनाव बहिष्कार के साथ ही भाजपा और कांग्रेस नेताओं को मार भगाने की बात कह रहे हैं। वहीं उन्होंने खोड़गांव और तेलसी के पास बैनर लगाकर बड़गांव और अंजरेल माइंस के काम को लेकर फिर एक बार धमकी दी है।

parcha2

ग्रेनेड की चपेट में आया सीआरपीएफ का जवान

वहीं बीजापुर जिले में मतदान के दौरान पोलिंग बूथ से 500 मीटर दूर ग्रेनेड फटने से सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। घटना के बाद प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय ने X पर ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि, बस्तर लोकसभा में मतदान के बीच बीजापुर में UBGL ब्लास्ट होने से मतदान केंद्र की सुरक्षा में लगे एक जवान के घायल होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। घायल जवान के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं। जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

यूबीजीएल का गोला फटा

नक्सल प्रभावित क्षेत्र बीजापुर जिले में (यूबीजीएल) अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर का गोला फट गया। इसकी चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 196 वीं बटालियन का जवान घायल हो गया। बताया जा रहा है कि, यह घटना भैरमगढ़ के चिह्का गांव के पास की है। घायल सीआरपीएफ का सहायक कमांडेट को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भिजवाया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

ऐसे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि, जवान मतदान केंद्र की सुरक्षा के लिए आउटर कोर्डेन में तैनात था। इस दौरान एक्सीडेंटली यूबीजीएल का गोला फट गया और जवान घायल हो गया। बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। एसपी जितेंद्र यादव ने घटना की जानकारी दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story