एनिशपुरी गोस्वामी- मोहला। अम्बागढ़ चौकी में स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय एक बार फिर विवादों के घेरे में है। हाल ही में हुए एक छात्र को दो शिक्षिकाओं के द्वारा सौ बार उठक बैठक लगवाया गया था, जिसमें छात्र बीते 26 दिनों से अपंग हो गया है। अब की बार अंग्रेजी माध्यम की सहायक ग्रेड 3 की महिला कमर्चारी ने हिन्दी मीडियम के एक व्याख्याता पर मानसिक प्रताड़ना, दुर्व्यवहार, अश्लील हरकत और हरासमेंट के संगीन आरोप लगाए हैं।
पीड़िता ने कलेक्टर, एसपी, जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित में शिकायत प्रस्तुत किया है। बताया गया है कि, व्याख्याता सुशील चौरसिया के खिलाफ पूर्व में एक प्रधान पाठिका ने भी बेहद गंभीर शिकायत प्रस्तुत किया था, परंतु विभाग ने मामले को जांच के उपरांत रफा- दफा कर दिया था।
कलेक्टर, एसपी और डीईओ से की शिकायत
उल्लेखनीय कि, अंबागढ़ चौकी अंग्रेजी माध्यम आत्मानंद मिडिल स्कूल में सहायक ग्रेड 3 की महिला कर्मचारी ने हिन्दी माध्यम के भौतिक शास्त्र के व्याख्याता सुशील चौरसिया के खिलाफ बेहद संगीन आवेदन प्रस्तुत किया है। इस मामले की जांच और कठोर कार्रवाई के लिए सीधे कलेक्टर, एसपी और जिला शिक्षा अधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए पीड़िता ने शिकायत किया है।
3 साल से हो रही है प्रताड़ित
आवेदिका ने शिकायत में उल्लेख किया है कि, वह संविदा कर्मचारी के रूप में 2023 से अंग्रेजी माध्यम माध्यमिक शाला में सहायक ग्रेड के पद पर कार्यरत है। शुरुआत से ही व्याख्याता सुशील चौरसिया हिंन्दी माध्यम में पदस्थ होने के बावजूद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में दाखिल होकर शैक्षणिक गतिविधियों के दौरान उसे गंदी नजरों से देखते हैं। उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश करते हैं। जिससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हो गई है। व्याख्याता लगातार उसके आत्म सम्मान, मानसिक शांति एवं कार्य के वातावरण पर गहरा अघात पहुंचा रहा है। उन्होंने अंतिम में लिखा है कि, वह व्याख्याता के अनैतिक कृत्यों से परेशान हो चुकी है।
प्रधान पाठिका का भी मामला दफन
कुछ माह पूर्व आत्मानंद माध्यमिक शाला की प्रधान पाठिका ने भी व्याख्याता सुशील चौरसिया के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शिकायत की थी। उक्त मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के द्वारा जांच कराई गई, परंतु कार्यवाही तय नहीं की गई। अब स्कूल के भीतर महिलाओं से जुड़ा दूसरा संगीन मामला सामने आया है।
मामले की जांच की जा रही है: बीईओ
उधर इस मामले में एसके धीवर विकासखंड शिक्षा अधिकारी अंबागढ़ चौकी ने कहा है कि, उच्च अधिकारियों की तरफ से जांच के निर्देश किया गया है। प्रशासनिक तौर पर संपूर्ण मामले की विधिवत् जांच की जा रही है।
