नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी शिक्षिका और उनके मासूम बच्चे को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में सहायक शिक्षिका शिफा त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका शिफा त्रिपाठी आत्मानंद भुवनेश्वरपुर स्कूल में सहायक शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं। सोमवार सुबह वे अपने बच्चे के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान रामानुजनगर थाना क्षेत्र के कौशलपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सहायक शिक्षिका शिफा त्रिपाठी और उनके मासूम बेटे को कुचल दिया। @SurajpurDist #Chhattisgarh #accident pic.twitter.com/UsNKxhsZC5
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 26, 2026
रायपुर जिले की रहने वाली थी शिक्षिका
इस हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वहीं सूचना मिलते ही रामानुजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि, शिफा त्रिपाठी मूल रूप से रायपुर की रहने वाली थीं और वर्तमान में रामानुजनगर में अपने बच्चे के साथ रह रही थीं। उनकी असामयिक मृत्यु से शिक्षा विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।








