सूरजपुर जिले में पुलिस ने कोरिया बॉर्डर पर इको कार से 960 पाव अंग्रेजी शराब जब्त। मध्य प्रदेश से लाई जा रही थी शराब, आरोपी गिरफ्तार, साढ़े 8 लाख का शराब बरामद।

नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। कोरिया बॉर्डर से जिले में प्रवेश कर रही एक कार को रोककर की गई जांच में पुलिस ने लाखों रुपए की शराब बरामद की, साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलपुर में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 960 पाव अंग्रेजी शराब जब्त की है। जानकारी के अनुसार, यह शराब मध्य प्रदेश से लाई जा रही थी। पुलिस ने एक इको कार को संदेह के आधार पर रोका, जिसकी तलाशी लेने पर 20 पेटी गोवा अंग्रेजी व्हिस्की बरामद हुई।

180 लीटर शराब जब्त
जब्त शराब की मात्रा करीब 180 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी आकाश कसेरा, निवासी थाना मनेंद्रगढ़, को गिरफ्तार किया है।

तस्करी में प्रयुक्त इको कार को भी जब्त
पुलिस ने शराब के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त इको कार को भी जब्त कर लिया है। जब्त किए गए कुल माल की कीमत करीब साढ़े आठ लाख रुपए आंकी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।