नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर ब्लॉक अंतर्गत धोन्धा में आयोजित कृषि महाविद्यालय भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान असहज स्थिति बन गई। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के दो पदाधिकारी मंच पर ही आपस में उलझ पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर ब्लॉक के धोन्धा में कृषि महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम और प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते मुख्य रूप से मौजूद थे।
सूरजपुर जिले में कृषि महाविद्यालय भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री और विधायक की मौजूदगी में भाजपा पदाधिकारी और मुकेश तायल के बीच मंच पर विवाद हो गया। @SurajpurDist #Chhattisgarh @BJP4CGState @INCChhattisgarh pic.twitter.com/yae43wtnSK
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 3, 2026
कहा सुनी शुरू होने पर बढ़ा विवाद
कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठने और स्थान को लेकर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी अनूप गुप्ता और मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों नेता मंच पर ही एक-दूसरे से उलझ पड़े। स्थिति इतनी बढ़ी कि हाथापाई की नौबत आ गई।
कुछ ही देर में मच गई अफरा-तफरी
घटना से कार्यक्रम में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मुख्य अतिथि मंच पर मौजूद रहे, जिससे आयोजन की मर्यादा प्रभावित होती नजर आई।
मंच पर स्थान को लेकर पहले से थी खीट-पीट
बताया जा रहा है कि, मंच पर स्थान को लेकर पहले भी नाराजगी थी, जो भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान खुलकर सामने आ गई। घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का माहौल है। फिलहाल, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।









