लीलाधर राठी- सुकमा। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय के निर्देशन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को हड़मा स्टेडियम, सुकमा में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के 107 जोड़ों का विवाह विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया गया। यह आयोजन सामाजिक समरसता, आर्थिक सहयोग एवं बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगदलपुर विधायक किरणसिंह देव उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि किरणसिंह देव ने नवविवाहित जोड़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक सशक्त सहारा है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ नहीं है, वे इस योजना के माध्यम से अपने बच्चों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गृहस्थ आश्रम में प्रवेश जीवन का अत्यंत पावन अवसर होता है, और इस योजना के अंतर्गत शासन द्वारा 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह मुक्त समाज की शपथ भी दिलाई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बाल विवाह रोकने तथा जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
107 जोड़े हुए शामिल, राज्योत्सव में भी हुआ आयोजन
सीईओ जिला पंचायत मुकुन्द ठाकुर ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत इस कार्यक्रम में कुल 107 जोड़े शामिल हुए, वहीं 06 जोड़ों का विवाह राज्योत्सव के अवसर पर भी संपन्न कराया गया। उन्होंने सभी नवदंपतियों को नवजीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की मंशा अनुरूप है पात्र परिवार इस योजना का लाभान्वित किया जा रहा है।
35 हजार रुपए के बैंक ड्राफ्ट सहित दी गई कई चीजें
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत विवाहित जोड़े को 7 हजार रुपए तक की सहायता सामग्री, 35 हजार रुपए की बैंक ड्राफ्ट और 8 हजार रुपए सामूहिक विवाह आयोजन पर व्यय की जाती है।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर वरिष्ठ पार्टी प्रतिनिधि धनीराम बारसे, जिला पंचायत अध्यक्ष मगम्मा सोयम, जनपद पंचायत कोंटा अध्यक्ष कुसुमलता कवासी, जनपद पंचायत सुकमा अध्यक्ष संतोष ईडो, नगर पंचायत दोरनापाल अध्यक्ष राधा नायक,जिला पंचायत सदस्यगण, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत सुकमा रीना पेद्दी, विश्वराज सिंह चौहान, अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा सीईओ जिला पंचायत मुकुन्द ठाकुर, एसडीएम सूरज कश्यप, महिला एवं बाल विकास अधिकारी शिवदास नेताम, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।











