रायपुर। छात्र यदि किसी भी तरह की स्कॉलरशिप या फेलोशिप ले रहे हैं, तो अब उनके लिए आधार नंबर अनिवार्य होगी। यूजीसी ने भुगतान से जुड़ा एक नया नियम लागू कर दिया है, जिसके तहत अब पैसा सिर्फ उसी खाते में आएगा जो आधार से जुड़ा होगा। यानी अब बिना आधार लिंक किए पैसे मिलना मुश्किल हो सकता है।
यूजीसी ने फैसला लिया है कि, अब सभी स्कॉलरशिप और फेलोशिप का भुगतान आधार बेस्ड पेमेंट सिस्टम के जरिए किया जाएगा। इसका मतलब यह है कि पैसा सीधे आधार से जुड़े बैंक खाते में ही भेजा जाएगा। इस सिस्टम को डीबीटी के तहत लागू किया गया है, ताकि छात्रों को पैसा सीधे और सुरक्षित तरीके से मिल सके।
जारी हुई एडवाइजरी
अब सभी छात्रों को स्कॉलरशिप एंड फेलोशिप मैनेजमेंट पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी अपडेट करनी होगी। छात्रों के लिए अपने आधार नंबर को बैंक खाते से लिंक करना और उसे पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य है। यदि छात्रों ने अभी तक अपने आधार नंबर को बैंक खाते से लिंक नहीं किया है तो उन्हें जल्द ऐसा करने की सलाह दी गई है, क्योंकि इसके बिना आगे मिलने वाली स्कॉलरशिप रुक सकती है। यदि छात्र प्रक्रिया समझ नहीं पा रहे हैं, तो उनके लिए पोर्टल पर पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध रुप से दी गई है। छात्र इसे देखकर आसानी से अपना आधार अपडेट कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर छात्र संबंधित ईमेल पर भी मदद मांग सकते हैं।
निर्धारित तिथि तक पूर्ण करनी होगी प्रक्रिया
यूजीसी ने इसके लिए 15 अप्रैल 2026 तक का समय दिया है। इस तारीख से पहले छात्रों को हर हाल में अपना आधार लिंक और अपडेट पूरा करना होगा। इसके बाद नोडल ऑफिसर्स को 20 अप्रैल तक सभी छात्रों के आधार डिटेल्स को चेक और अप्रूव करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि अगले फाइनेंशियल ईयर 2026-27 में पेमेंट समय पर हो सके। अगर तय समय तक अपना आधार लिंक नहीं किया, तो छात्रों अथवा शोधार्थियों की स्कॉलरशिप या फेलोशिप का पैसा अटक सकता है। दूसरे राज्यों के कुछ विश्वविद्यालयों में पहले ही यह नियम लागू कर चुके है। विशेष यूजीसी नेट फेलोशिप लेने वाले छात्रों के लिए यह पहले से जरूरी किया जा चुका है। अब इसे पूरे देश में लागू किया जा रहा है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)