haribhoomi hindi news
सीतापुर के कटनी-गुमला नेशनल हाईवे-43 पर ट्रक और बाइक की टक्कर में युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। 

अनिल उपाध्याय- सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर में कटनी-गुमला नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिससे कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही।

ट्रक और बाइक में जबरदस्त भिड़ंत
मिली जानकारी के अनुसार, कटनी-गुमला नेशनल हाईवे क्रमांक-43 पर ग्राम सरईपारा स्थित राइस मिल के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे मालवाहक ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। ट्रक (क्रमांक CG 29 AB 0147) पत्थलगांव से सीतापुर की ओर आ रहा था, तभी सामने से आ रहे बाइक सवार युवक से उसकी भिड़ंत हो गई।

Bike damaged in accident
हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बाइक 

घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए हालात को संभाला। पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक युवक की पहचान जशपुर जिले के लुड़ेग निवासी के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं, ट्रक को जब्त कर थाना लाया गया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7