देवराज दीपक- सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत जिला पंचायत सारंगढ़ के सभा कक्ष में हितग्राहियों को राशि वितरण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
आपको बता दें कि, कार्यक्रम में कलेक्टर संजय कन्नौज, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे की उपस्थिति में भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता राशि वितरित की गई। जैसे ही हितग्राहियों को सहायता राशि मिली, उनके चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी।
योजना का उद्देश्य मजदूरों को आर्थिक संबल प्रदान करना
इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि, यह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य भूमिहीन मजदूरों को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने हितग्राहियों से इस राशि का सही उपयोग कर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने की अपील की।
इसका लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता
जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी अपने संबोधन में कहा कि, सरकार की यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी। वहीं सीईओ ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए कहा कि, हर पात्र व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
सभाकक्ष में उत्साह और उमंग का माहौल
कार्यक्रम के दौरान पूरे सभाकक्ष में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। हितग्राहियों ने सरकार की इस योजना की जमकर सराहना करते हुए कहा कि, यह सहायता उनके जीवन में नई उम्मीद लेकर आई है।
बदलाव की एक मजबूत तस्वीर
दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना न सिर्फ आर्थिक सहायता दे रही है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य भी कर रही है। सारंगढ़ का यह आयोजन इसी बदलाव की एक मजबूत तस्वीर बनकर सामने आया।