सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सरकारी कर्मचारी पर पत्रकार और वकील के साथ मारपीट का आरोप है। पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

देवराज दीपक - सारंगढ़-बिलाईगढ़।  सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कृषि विभाग कार्यालय में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी कर्मचारी पर पत्रकार और वकील के साथ मारपीट का आरोप लगा है। पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

किसान सम्मान निधि के काम से पहुंचे थे पीड़ित
जानकारी के अनुसार, वकील जनक बरेठ अपनी माता के किसान सम्मान निधि की राशि से जुड़ी समस्या को लेकर आवेदन देने कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार पोश कुमार भी मौजूद थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्हें संबंधित कर्मचारी REO (ग्रामीण क़ृषि विस्तार अधिकारी) प्रवीण पटेल के पास भेजा गया।

अचानक भड़क उठा REO
बताया जा रहा है कि शुरुआत में सामान्य बातचीत चल रही थी, लेकिन कुछ ही देर में माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि REO प्रवीण पटेल ने गुस्से में आकर पत्रकार पर हमला कर दिया और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारी बीच-बचाव करने के बजाय दर्शक बने रहे।

अधिकारियों की भूमिका पर भी उठे सवाल 
घटना के दौरान जब जिला कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो उन पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। उन्होंने स्थिति को शांत करने के बजाय पीड़ितों को ही रोककर पुलिस को सौंपने की बात कही । इस दौरान दोनों को कुछ समय तक कार्यालय से बाहर भी नहीं जाने दिया गया।

पुलिस पहुंची, मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित पत्रकार और वकील ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बड़ा सवाल 
क्या पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं?
क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी?
अब देखना होगा कि मामले में जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)