सक्ती जिले के उच्चपिंडा स्थित RKM पावर प्लांट से सीबीटेक कंपनी का मेंटेनेंस वर्कर सुरेश टंडन लापता हो गया। 40 मीटर ऊंचे बंकर में कपड़े और शरीर के कुछ हिस्से मिलने से सनसनी।

राजीव लोचन साहू- सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के फगुरम चौकी क्षेत्र के उच्चपिंडा गांव में संचालित RKM (आरकेएम पावर प्लांट) से एक कर्मचारी के लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सारसकेला गांव निवासी सुरेश टंडन, जो सीबीटेक कंपनी के तहत मेंटेनेंस वर्कर के रूप में कार्यरत थे, शुक्रवार सुबह ड्यूटी के लिए प्लांट पहुंचे थे, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया।

घटना के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। खोजबीन के दौरान करीब 40 मीटर ऊंचाई पर स्थित बंकर में सुरेश टंडन के कपड़े और शरीर के कुछ हिस्से मिलने की जानकारी सामने आई है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और सबूत जुटाए जा रहे हैं।

धरने पर बैठे वर्कर के परिजन
इधर, कर्मचारी के परिजन पावर प्लांट के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। परिजनों का आरोप है कि, मामले में लापरवाही बरती गई है और पूरी सच्चाई सामने लाई जाए। वे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

जांच कर रही पुलिस
फगुरम चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।