Logo
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र के प्रमुख शहर रीवा के बीच अब सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र के प्रमुख शहर रीवा के बीच अब सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। क्षेत्रीय विमानन कंपनी एलायंस एयर 17 मार्च से इस नए रूट पर नियमित उड़ानें शुरू करेगी। इससे दोनों राज्यों के बीच यात्रा काफी आसान और तेज हो जाएगी। 

खास बात ये है कि, अब मैहर माता के दर्शन और चित्रकूट जाना आसान होगा। साथ ही प्रयागराज और वाराणसी शीघ्र पहुंचना और सुगम हो जाएगा। नई सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को सड़क या रेल मार्ग से कई घंटे का सफर तय नहीं करना पड़ेगा। विमान से यह दूरी लगभग एक घंटे में पूरी हो जाएगी। इससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यटन से जुड़े लोगों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। 

सप्ताह में तीन दिन उड़ान
उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह उड़ान फिलहाल सप्ताह में तीन दिन-मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी। इस रूट पर कंपनी एटीआर-72 विमान का संचालन करेगी। यह विमान कम दूरी के क्षेत्रीय मागों के लिए उपयुक्त माना जाता है और इसमें लगभग 72 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है। 

ये होगा शेड्यूल
जारी शेड्यूल के अनुसार, नई दिल्ली से उड़ान भरकर दोपहर 12:30 बजे रीवा पहुंचेगी। इसके बाद रीवा से विमान दोपहर 3:15 बजे उड़ान भरकर शाम 4:15 बजे रायपुर पहुंचेगा। वापसी में रायपुर से विमान शाम 5 बजे रवाना होकर 6:15 बजे रीवा पहुंचेगा। इसके बाद रीवा से दिल्ली के लिए उड़ान 6:40 बजे प्रस्थान करेगी।

किराया और बुकिंग
इस नए रूट के लिए टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। शुरुआती किराया रीवा से रायपुर के लिए लगभग 3,614 रुपये और रायपुर से रीवा के लिए करीब 4,293 रुपये तय किया गया है। कंपनी का कहना है कि यात्रियों की मांग के आधार पर किराया और उड़ानों की संख्या में आगे बदलाव संभव है।
 

5379487