रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पुलिस विभाग की एक महिला आरक्षक संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही क्वार्टर में मृत पाई गई। घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और इलाके में शोक व चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज़ाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस कॉलोनी में रहने वाली महिला आरक्षक पूजा कुशवाहा की लाश शनिवार रात करीब 8:30 बजे फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर जिले के आज़ाद चौक थाना क्षेत्र में महिला आरक्षक पूजा कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस क्वार्टर में फंदे से लटकी लाश मिली है। @RaipurDistrict @CPRaipurPolice #Chhattisgarh pic.twitter.com/3xpP3FoRrJ
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 12, 2026
मामले की तफ्तीश कर रही पुलिस
गौरतलब है कि, मामला आत्महत्या का है या किसी साजिश के तहत हत्या की गई है। पुलिस दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद मृतका के सहकर्मियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। आज़ाद चौक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
कोंडागांव में पारिवारिक विवाद से दो मौतें
वहीं 10 अप्रैल को कोंडागांव जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आपसी विवाद के चलते एक दंपति ने अपनी जान गंवा दी, जिससे दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। घटना ने पूरे क्षेत्र में गहरी सनसनी फैला दी है।
घटना कैसे शुरू हुई
मिली जानकारी के अनुसार, कोकोडी गांव का दंपति किसी काम से बनियागांव गया हुआ था। गुरुवार की रात वापस लौटते समय बल्लारी नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी दी जान
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पति धनेश्वर ने आवेश में आकर अपनी पत्नी सुखबती नेताम पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। चोटें इतनी गहरी थीं कि सुखबती की मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद पति धनेश्वर ने भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में मातम जैसा माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
दंपति की मौत की खबर फैलते ही कोंडागांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर विवाद के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है ताकि पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सके।
दो मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दर्दनाक घटना ने दो छोटे बच्चों से उनका परिवार छीन लिया। माता-पिता की अचानक हुई मौत ने पूरे गांव को दहला दिया है। स्थानीय लोग बच्चों के भविष्य को लेकर गहरी चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)








