रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक एहतियात बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड
मंगलवार को छत्तीसगढ़ के कई शहर गर्मी से झुलसते नजर आए।
राजनांदगांव- 43.5°C (सबसे अधिक)
रायपुर- 43°C
माना- 42.5°C
बिलासपुर- 42.8°C
पेंड्रा रोड- 39.9°C
अंबिकापुर- 39.3°C
जगदलपुर- 40°C
लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है।
मौसम विभाग ने दी सख्त हिदायतें
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि दोपहर के समय लू का प्रकोप सबसे ज्यादा रहता है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें, बाहर निकलने की स्थिति में सिर, चेहरा और शरीर को पूरी तरह ढककर ही जाएं। पानी, नींबू, छाछ, ORS जैसे तरल पदार्थों का सेवन लगातार करते रहें। बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी से विशेष रूप से बचाने की जरूरत है।
चक्रवाती प्रभाव से बढ़ी तपन, जारी निर्देश
उत्तरी-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवात और द्रोणिका प्रणालियों के कारण प्रदेश में गर्मी और अधिक तीव्र हो गई है। मौसम विभाग ने हीटवेव से बचाव के लिए सुरक्षा निर्देश जारी कर बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को धूप से बचने और पर्याप्त जल सेवन की सलाह दी है।
स्कूलों में तपन का अंतिम दिन, कल से अवकाश
प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 20 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा कर दी गई है। शुक्रवार को भी छात्रों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जिसके बाद उन्हें राहत मिलेगी। कई छोटे स्कूलों में बच्चों को पंखों की गर्म हवा में पढ़ाई करनी पड़ी, जबकि स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें भी सामने आईं।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)