haribhoomi hindi news
अंबागढ़ चौकी जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अनीशपुरी गोस्वामी- मोहला-मानपुर। अंबागढ़ चौकी जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के घोरदा-गौलीटोला मार्ग पर स्थित पुलिया में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

तीनों युवक शादी कार्यक्रम में गए थे
जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगाघाट निवासी अशोक कोमा (45 वर्ष), राजकुमार कोमा (40 वर्ष) और करण कोमा शादी समारोह में शामिल होने ग्राम घोरदा गए हुए थे। कार्यक्रम से लौटते समय रात करीब 9:30 बजे उनकी बाइक घोरदा और गौलीटोला के बीच पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो की मौके पर मौत, एक की हालत गंभीर
हादसे में अशोक कोमा और राजकुमार कोमा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं करण कोमा गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी से मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। ईलाज के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अश्वनी राठौर के निर्देश पर पेट्रोलिंग टीम और 112 वाहन मौके पर पहुंचा। तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया।

गांव में पसरा मातम, एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
घटना के बाद डोंगाघाट गांव में शोक की लहर फैल गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। कोमा परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

तेज रफ्तार और लापरवाही बन रही मौत की वजह
जिले के अंबागढ़ चौकी, मानपुर, मोहला, खडगांव, औधी और चिल्हाटी क्षेत्रों में लगातार सड़क हादसों की घटनाएं सामने आ रही हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाना युवाओं की मौत का बड़ा कारण बनता जा रहा है।

पुलिस का बयान
थाना प्रभारी अश्वनी राठौर ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक घायल का राजनांदगांव में इलाज जारी है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7