रायपुर जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। यह आदेश जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया है।

रायपुर। भीषण गर्मी ने अब जनजीवन के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। इसी कड़ी में रायपुर जिले के स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय और निजी स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगे। बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि छोटे बच्चों को दोपहर की तेज धूप और लू से बचाया जा सके।

सेहत पर असर न पड़े इसलिए लिया गया निर्णय
वहीं, स्कूलों का संचालन अब दो पालियों में किया जाएगा। हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों की कक्षाएं दोपहर 11:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक लगेंगी।गौरतलब है कि, प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी के चलते इसी तरह स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि विद्यार्थियों की सेहत पर किसी प्रकार का विपरीत प्रभाव न पड़े। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन से आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।