छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का बुधवार को रायपुर में भव्य आगाज़ होगा। देशभर के जनजातीय खिलाड़ी सात खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

रायपुर। राजधानी रायपुर में पहली बार छत्तीसगढ़ में 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026' का भव्य आयोजन हो रहा है। जिसका शुभारंभ बुधवार शाम 6 बजे साइंस कॉलेज मैदान में किया जाएगा। इस खास मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और खेल मंत्री अरुण साव समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

छत्तीसगढ़ के लिए यह आयोजन बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि राज्य पहली बार इतने बड़े स्तर पर ट्राइबल गेम्स की मेजबानी कर रहा है। इस प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग में किया जाएगा, जहां देशभर के जनजातीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

ये खेल प्रतियोगिता में होंगी आयोजित 
रायपुर में हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, तीरंदाजी और वेट-लिफ्टिंग जैसी प्रमुख खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं, पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए कबड्डी और मलखंब को डेमो गेम्स के रूप में शामिल किया गया है।

जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को मिलेगी नई पहचान 
इस आयोजन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कुल सात खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे, जिससे न केवल खेलों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को भी नई पहचान मिलेगी।

कुल 164 खिलाड़ी प्रतियोगिता में ले रहे भाग
छत्तीसगढ़ से कुल 164 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं, जिनमें 86 पुरुष और 78 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। यह आयोजन प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता साबित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का बड़ा अवसर साबित होगा।