रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य समापन समारोह आज रायपुर में आयोजित किया जाएगा। देशभर के 30 राज्यों से आए लगभग 2000 जनजातीय खिलाड़ियों की प्रतिभा और जज़्बे ने इस आयोजन को खास बनाया। समापन कार्यक्रम में कई दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी, जबकि पुरुषों के फुटबॉल का रोमांचक फाइनल छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच खेला जाएगा।
ग्रैंड क्लोजिंग सेरेमनी में दिग्गजों की मौजूदगी
समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस आयोजन की खास बात यह होगी कि अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज मैरी कॉम और देश के प्रसिद्ध फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया भी विशेष अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगे। इनके आने से खिलाड़ियों में उत्साह और बढ़ गया है।
फुटबॉल फाइनल में छत्तीसगढ़ बनाम पश्चिम बंगाल
ट्राइबल गेम्स का सबसे चर्चित मुकाबला- पुरुषों का फुटबॉल फाइनल आज छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करती आई हैं और फाइनल को लेकर दर्शकों में भारी उत्सुकता है।
उप मुख्यमंत्री करेंगे अध्यक्षता
समापन समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों ने जनजातीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
2000 जनजातीय खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
इस बार 30 राज्यों के करीब 2000 जनजातीय खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खेलों के माध्यम से उनकी परंपराओं, कौशल और खेल-भावना को राष्ट्रीय पहचान मिली।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का 'ई-पेपर पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज" App डाउनलोड करें।)









