रायपुर। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। शहर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां पूजन-अभिषेक, सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन के साथ पूरे दिन धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा।
रायपुर में हनुमान जयंती का उत्सव इस बार भी बेहद धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के 1000 से अधिक हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और भव्य भंडारों का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं मंदिर परिसरों को आकर्षक रौशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव को बनाया खास
गौरतलब है कि, दिनभर सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शाम होते-होते प्रसाद वितरण, आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव को और भी खास बना दिया।
दूर-दूर से दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालु
शहर के प्रसिद्ध बावली वाले हनुमान मंदिर में इस अवसर पर खास रौनक देखने को मिली। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इस मंदिर की विशेष मान्यता है कि इसी बावली से तीन हनुमान प्रतिमाएं प्रकट हुई थीं, जो आज रायपुर के गुढ़ियारी मच्छी तालाब, दूधाधारी मठ और इसी मंदिर परिसर में विराजमान हैं। आपको बता दें कि, इस मंदिर की मान्यता काफी खास है।