छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन आज प्रदेशभर के जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में जंगी प्रदर्शन करेगा।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज कर्मचारी और अधिकारियों का गुस्सा सड़कों पर नजर आएगा। अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में होने वाले इस जंगी प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ने की संभावना है।

मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले आज पूरे प्रदेश में जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। फेडरेशन का कहना है कि, उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

ये हैं प्रमुख मांगे
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में जुलाई 2016 से लंबित महंगाई भत्ता (DA) एरियर्स की राशि को कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में समायोजित करना शामिल है। इसके अलावा प्रदेश में चार स्तरीय पदोन्नति समयमान वेतनमान लागू करने की मांग भी जोर-शोर से उठाई जा रही है।

कर्मचारियों में बढ़ती जा रही नाराजगी 
फेडरेशन का आरोप है कि, बार-बार ज्ञापन और चर्चा के बावजूद सरकार ने अब तक इन मुद्दों पर सकारात्मक पहल नहीं की, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। यही कारण है कि अब उन्होंने प्रदेशव्यापी आंदोलन का रास्ता चुना है। आज के इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी शामिल होकर अपनी मांगों को लेकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाएंगे।