रायपुर। कोल घोटाले मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नारायण साहू को ईओडब्ल्यू- एसीबी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नारायण साहू घोटाले के मास्टरमाइंड सूर्यकांत तिवारी का विश्वसनीय साथी रहा है। आरोपी घोटाले की रकम कलेक्ट कर सौम्या चौरसिया तक पैसे पहुंचाने का काम करता था।
जांच में पाया गया है कि नारायण साहू, आरोपी सूर्यकांत तिवारी का करीबी सहयोगी रहा है तथा प्रकरण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विवेचना में यह भी तथ्य सामने आया है कि आरोपी, सूर्यकांत तिवारी के लिए कोल लेवी की राशि का कलेक्शन करने के साथ-साथ सौम्या चौरसिया तक पैसे पहुंचाने का कार्य भी करता था। इसके अतिरिक्त विवेचना में यह भी पाया गया है कि सूर्यकांत तिवारी द्वारा आरोपी नारायण साहू के नाम पर विभिन्न संपत्तियां क्रय कर रखी गई हैं। आरोपी पिछले लगभग ढाई वर्षों से फरार चल रहा था तथा एजेंसी की पूछताछ से लगातार बचने का प्रयास कर रहा था।
कोर्ट ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा
इस मामले में कोर्ट द्वारा आरोपी के विरुद्ध पूर्व में ही गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया जा चुका था। आरोपी की गिरफ्तारी के पश्चात् न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर विस्तृत पूछताछ हेतु ब्यूरो द्वारा आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि में आरोपी से कोल लेवी राशि के कलेक्शन, पैसे के हस्तांतरण तथा उसके नाम पर क्रय की गई संपत्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। गहन पूछताछ के दौरान प्रकरण से संबंधित मजबूत एवं ठोस साक्ष्य प्राप्त होने की संभावना है। ब्यूरो द्वारा इस प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई जारी है।