रायपुर। महिला की सुरक्षा और आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता के लिए रायपुर कमिश्नरेट में अब पुलिस की पिंक पेट्रोल यूनिट एक्शन मोड में रहेगी। कॉल ट्रेकर और पेट्रोलिंग के जरिए प्रभावितों तक मदद पहुंचाई जाएगी। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इस नई पहल की शुरुआत तीन पेट्रोलिंग यूनिट से की है। पिंक पेट्रोल यूनिट में 27 अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
आपात स्थितियों में मिलेगी त्वरित सहायता
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कांबले ने रविवार को पिंक पेट्रोल यूनिट के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अफसरों के अनुसार, इस यूनिट में तैनात कर्मचारी आने वाली शिकायतों पर कॉल ट्रेकर, कंट्रोल यूनिट तथा पेट्रोलिंग के माध्यम से महिलाओं से संबंधित आपात स्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करेंगे।
दो शिफ्ट में लगेगी ड्यूटी
पेट्रोलिंग टीम प्रतिदिन दो शिफ्ट में यानी सुबह 6 से दोपहर 2 और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 से रात्रि 10 बजे तक काम करेगी। कॉल ट्रेकर एवं कंट्रोल यूनिट महिलाओं से जुडी आपातकालीन कॉल प्राप्त कर तत्काल संबंधित डीसीपी जोन की पिंक पेट्रोलिंग टीम को सूचना देगी, जिस पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता प्रदान करेगी। पिंक पेट्रोलिंग टीम रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कार्य करेगी तथा इसे तीन डीसीपी जोन के अनुसार तैनात किया गया है। प्रत्येक जोन में एक पिंक पेट्रोलिंग टीम नियमित रूप से पेट्रोलिंग करेगी।
कामकाजी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर होगा ध्यान
पिंक पेट्रोलिंग टीम विशेष रूप से कामकाजी महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करेगी। आवश्यकता होने पर मौके पर ही काउंसिलिंग एवं सहायता प्रदान की जाएगी तथा हॉस्टल एवं पीजी में रहने वाली महिलाओं से सतत संपर्क बनाए रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित महिला हेल्पडेस्क अथवा महिला थाना से समन्वय स्थापित कर उचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
स्कूल-कॉलेज और मॉल पर भी नजर
पिंक पेट्रोल यूनिट तमाम सार्वजनिक स्थानों के साथ सप्ताह में दो दिन स्कूल-कॉलेज एवं विभिन्न शॉपिंग मॉल में जाकर महिला सुरक्षा कानून के संबंध में जागरूकता लाने का प्रयास करेगी। साथ ही स्टॉकिंग एवं ईव-टीजिंग संभावित क्षेत्रों में सरप्राइज पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थलों का सर्वे एवं मैपिंग किया जाएगा। इसके अलावा इन स्थानों पर होने वाली गतिविधियों पर भी नजर रखा जाएगा।
मदद के लिए वाट्स एप नंबर जारी
पुलिस अफसरों ने पिंक पेट्रोल यूनिट से मदद मांगने वाली महिलाओं के लिए वाट्स एप हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 जारी किया है। किसी तरह की दिक्कत होने पर इस नंबर पर कॉल कर महिलाएं मदद मांग सकेगी। रविवार को इस नई पहल की शुरुआत करने के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय डॉ. अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सेंट्रल तारकेश्वर पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त सीएडब्ल्यू रुचि वर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन नीलेश द्विवेदी सहित अन्य अफसर मौजूद थे।