रायपुर। होली के पांच दिन पूर्व पुलिस ने हुड़दंग रोकने कार्रवाई तेज कर दी है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नार्थ, सेंट्रल तथा वेस्ट जोन में पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर डेढ़ सौ से ज्यादा नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने देर रात कार्रवाई शुरू कर तड़के तीन बजे तक गाड़ियों की जांच की है। जांच में फंसे नशेड़ी वाहन चालक कोर्ट में 10-10 हजार रुपए जुर्माना पटाकर अपनी गाड़ी छुड़ा पाए। कोर्ट के आदेश पर नशेड़ी वाहन चालकों से 15 लाख 40 हजार रुपए जुर्माना राशि वसूल की गई।
होली के मौके पर नशे में धुत्त होकर वाहन चलाने से हर वर्ष एक्सीडेंट की घटनाएं सामने आती हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर होली के पांच दिन पूर्व ही नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस सख्ती बरतने लगी। यही कारण है कि रायपुर में पहली बार 154 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस कमिश्नर के अनुसार नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
अब पकड़े गए तो होली के बाद छूटेगी गाड़ी
नशे की हालत में शुक्रवार को जो गाड़ी चलाते पकड़े गए, उनकी गाड़ी शनिवार को चालान पटाने के बाद छूट गई। शनिवार के बाद होली के दिन तक जो नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़े जाएंगे, उनकी गाड़ी होली के बाद छूटेगी। हालांकि सोमवार तथा मंगलवार को कोर्ट का अवकाश नहीं है। सोमवार को किसी के निधन पर कंडोलेंस है। इस वजह से सोमवार को न्यायालयीन कार्य नहीं हो पाएगा। दूसरे दिन मंगलवार को वकीलों का होली मिलन समारोह है। इस वजह से उस दिन कोर्ट का काम प्रभावित रहेगा। बुधवार को कोर्ट में होली का अवकाश है। ऐसे में ड्रंक एंड ड्राइव में जो कार्रवाई होगी, उनकी गाड़ी बुधवार के बाद ही कोर्ट खुलने पर छूटेगी।
सभी कार्रवाई बॉडी वार्न कैमरा से
कार्रवाई में पूरी तरह से पारदर्शिता बरतने गाड़ियों की जांच में लगे अफसर के साथ पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस ने बॉडी वार्न कैमरे से वाहन चालकों की ब्रीथ एनलाइजर से जांच की। बॉडी वार्न कैमरा होने पर जांच के दौरान कोई वाहन चालक पुलिस के साथ बदसलूकी करने की कोशिश करेगा, वह कैमरा में कैद हो जाएगा। बदसलूकी करने वाले के खिलाफ पुलिस मोटर व्हिकल एक्ट के साथ बीएनएस की धारा में अपराध दर्ज कर कार्रवाई करेगी।
जांच की जद में ट्रक से लेकर ई-रिक्शा चालक
पुलिस ने सोमवार को जिन नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है, उनमें 64 कार चालक, 65 दोपहिया वाहन चालक, 8 ट्रक, 12 मिनी डोर, एक बोलेरो, 2 माजदा, 1-1 ट्रैक्टर तथा ई-रिक्शा के चालक नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़े गए हैं।
कई रसूखदार भी फंसे
नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने पुलिस ने भाठागांव, जयस्तंभ, फाफाडीह चौक, खमतराई थाना के सामने, टाटीबंध चौक, पचपेड़ी नाका चौक, पंडरी थाना के सामने में स्टापर लगाकर चेक पाइंट बनाकर नशेड़ी वाहन चालकों की गाड़ी जब्त करने की कार्रवाई की। पुलिस सूत्रों के अनुसार रात को पीकर गाड़ी चलाने वाले कई रसूखदार थे, उन्होंने पकड़े जाने के बाद कई जगह से सिफारिश लगवाई लेकिन पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली। उसकी वजह से उन्हें दूसरों की मदद से ही जाना पड़ा।









