पेंड्रा के चुकतीपानी के बाजारडाँड़ स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के स्कूली बच्चे मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए जंगल से लकड़ियाँ ढोकर ला रहे हैं। 

आकाश पवार- पेंड्रा। शिक्षा के मंदिर से आई एक तस्वीर ने सिस्टम की पोल खोल दी है। जिन मासूम हाथों में कलम और किताबें होनी चाहिए थीं, उन्हीं नन्हे कंधों पर लकड़ियों का बोझ लदा दिख रहा है। मामला चुकतीपानी के बाजारडाँड़ स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का है, जहाँ बच्चों से पढ़ाई के समय मजदूरी कराए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि छोटे-छोटे स्कूली बच्चे जंगल से लकड़ियाँ ढोकर स्कूल ला रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो स्कूल समय का ही है। जब बच्चों से पूछा गया तो उन्होंने मासूमियत से बताया कि मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए उनसे लकड़ियाँ मंगवाई गई थीं। यानी 'पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया' का नारा यहाँ 'ढोएगा बच्चा, तभी जलेगा चूल्हा' में बदलता नजर आ रहा है। 

जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई- DEO 
मामला तूल पकड़ने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी राजनीश तिवारी ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और यह बेहद निंदनीय है। उन्होंने जांच कर संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते निरीक्षण और निगरानी होती, तो शायद बच्चों को मजदूर नहीं बनना पड़ता। 

सवालों के घेरे में प्रबंधन 
एक ओर बच्चे परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं, दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन उनसे ईंधन जुटाने का काम करवा रहा है। सवाल यह है कि क्या सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों तक ही सीमित है? क्या मध्यान्ह भोजन योजना में ईंधन की व्यवस्था भी बच्चों के भरोसे है? सबसे बड़ा सवाल-क्या शिक्षा विभाग को इन हालात की कोई खबर नहीं थी, या फिर हमेशा की तरह 'वीडियो सामने आने' का इंतजार किया जा रहा था?